ओ हेनरी की एक कहानी है - "The Romance of a Busy Broker" । कहानी में बॉस जो कि एक ब्रोकर है सुबह ऑफिस पहुंचता है। साथ ही साथ स्टेग्नोग्राफर मिस लेज़्ली भी दाखिल होती है। कहानी कुछ मोड़ों से होते हुये "ओ हेनरीनुमा" अंत की ओर बढ़ चलती है। ब्रोकर को लगता है कि उसे मिस लेज़्ली के प्रति अपने प्यार को जाहिर कर देना चाहिए। उसका दिमाग तो शेयरों में उलझा हुआ है पर दिल की बात सुनकर वह चलते शेयर मार्केट के दौरान ही इस खतरे को उठाने पहुँच जाता है। जैसे ही वो मिस लेज़्ली को "क्या तुम मुझसे शादी करोगी?" कहता है, मिस लेज़्ली चोंक कर कहती है "आखिर तुम ये क्या कह रहे हो? क्या तुम्हें याद नहीं? कल शाम को ही तो हमारी शादी हुई है।" तो ये है सच्चाई शेयर मार्केट में काम करने वाले लोगों की - कल शाम शादी हुई और आज सुबह सब कुछ भूल काम पर डटें हैं। उनकी ज़िंदगी में ना तो 'हनी' की मिठास है ना 'मून' की चाँदनी. अगर कुछ है तो बस अमावस की रातें और मधुमक्खी के चुभते डंक।