Skip to main content

Euphorbia - When Thorns Bloom Into a Crown

अगर कायदा यही है कि काटों भरे रास्ते पर चलकर ही ताजों को पाया जायेगा, तो विजेताओं की उस कतार में भी सबसे पहला नाम यूफोर्बिया का ही आयेगा; कंटीले बख्तरबंद को पहन, चुपचाप अपने संघर्षों से जूझता एक योद्धा, उसने खुद को स्त्रियोचित ख़ुशबुओं से नहीं सजाया, ना ... उस जैसे कठोर योद्धा पर तो उग्रता ही सजती है, प्रचंड उग्रता। उसने कोमल रंगों को अपना संगी नहीं बनाया, ना ... उस जैसा शूर तो बस वीरता के ही एक रंग में सजीला लगता है।


उसने दुनिया को अपनी आंखो से बदलते देखा है, जब डायनोसार धरती पर टहल थे ये तब भी वहाँ था, और जब वो खत्म हुए
ये तब भी पनप रहा था - जिसने अपनी जड़ों से खौलते लावा को तब अमृत समझ कर पीया हो, उसे भला सुगंध और कोमलता कहाँ रास आयेगी, वो तो चिर वैरागी है.....


लेकिन विजेताओं के सिरों पर तो मुकुट शोभते हैं, संभवतः यही विचार कर प्रकृति ने मरकत की आग पर मूँगे को पिघला कर खुद अपने हाथों से उसके लिए मुकुट बनाया, जिसे घने आसमान ने अपने खजाने के अनमोल हीरों से सुबह-सुबह ही सजा दिया ....
(चित्र - गमले में खिले कुछ निस्पृह यूफोर्बिया। पोस्ट फ़ेसबुक पर पूर्व प्रकाशित। लिंक कमेन्ट सेक्शन में)
- अनिमेष

Comments

  1. फ़ेसबुक पोस्ट लिंक https://www.facebook.com/photo.php?fbid=3631673400493923

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

Pumpkin - The Unlikely Hero of the Kitchen

  भिंडी के पास रूप है, बैंगन के पास रंग और गोभी के पास जटिलता है, लेकिन कद्दू? उसके के पास ऐसा कुछ भी नहीं है जो पहली नज़र के प्यार को मजबूर कर दे - मामूली सा रंग, बेढब सा आकार और उस पर उबाऊपन की हद तक सादगी। खरीदने भी जाओ तो बोदे को थैले में सबसे नीचे रखना पड़ता है कि कहीं मुलायम टमाटर का वक्त से पहले कीमा ना बना दे। फ्रिज में घुसता नहीं है, आसानी से कटता नहीं; चमड़ी कुछ इस कदर मोटी कि कहीं नाजुक कलाइयों में मोच ना आ जाये, सो व्यवस्था देनी पड़ी - इसे महिलाएं नहीं काटेंगी, केवल पुरुष काटेंगे - चौके में रहकर भी जिसके ऐसे बगावती तेवर हो उसे अब क्या ही कहा जाये?

Nokia 3310: The Immortal King of Cell Phones

आज जब चीजों की उम्र दिनों और हफ्तों में में नापी जाने लगी है तब ये सोचकर हैरानी होती है कि कभी 3310 जैसा एक फोन भी हुआ करता था, जो अमरौती खाकर जन्मा था; वो  यूं ही भूकंप के बाद ढही इमारतों के मलबे से हफ्तों बाद भी हँसते-मुसकुराते बाहर निकल आता, पानी में गिर जाये तो धूप में सूखते ही फिर गाने लगता, ट्रक के नीचे आ जाये तो फूँक मारते ही उठ खड़ा होता।      बनाने वालों ने उसमें बैटरी की बजाय एक ठौ परमाणु बिजली घर फिट किया था - तब दोपहर बारह बजे सोकर उठते ही एक-एक कर अपनी तमाम चांदो को फोन लगाना शुरू करो और रात को उगते चाँद की रोशनी में बैटरी पर नज़र डालो - तो वो वैसे ही टनाटन फुल; ज़िंदगी में रौनक उसी के कारण थी। चांद एक-एक कर बदलती रही, लेकिन वो वहीं का वहीं बना रहा - उसके बरोब्बर चल सके, इतना माद्दा किसी में था ही नहीं। 

A Love Story Sent to the Stars The Voyager's Journey of Science and Love

 प्यार में गहरी डूब चुकी 27 साल की एक युवती के दिमाग की गहराइयों में क्या चल रहा होगा, ये जानने की उत्सुकता शायद किसी को भी हो सकती है। कार्ल ने बस दो दिन पहले ही एन के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, दोनों की दोस्ती को कुछ बरस हो चुके थे, फिर एक प्रोजेक्ट पर साथ काम करते करते एक दिन कार्ल ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे एन ने दिल की गहराइयों से मान भी लिया। दो दिन बाद प्रोजेक्ट के हिस्से के रूप में एन का EEG लिया गया, रिकॉर्डिंग लगभग एक घंटा चली। उस दौरान चेतन रूप में तो एन प्रकृति, दर्शन, संस्कृति, इतिहास जैसी बातों पर विचार करती रही पर अवचेतन में उसका दिमाग अभी भी उल्लास, उमंग और उत्साह वाली उसी अवस्था में था जो शायद किसी भी इंसान की ज़िंदगी में केवल एक ही बार आती है और ईईजी ने उसे पकड़ने में कोई गलती नहीं की। पूरी रिकॉर्डिंग को एक मिनट में 'कंप्रेस' कर, सोने का परत चढ़ी तांबे की एक डिस्क - गोल्डन रिकॉर्ड, में लिख दिया गया।